फतेहपुर। हसवा विकास खंड के नरैनी कस्बे में संचालित एक मेडिकल स्टोर में इलाज के दौरान किशोरी की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य (सीएचसी) केंद्र ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मेडिकल स्टोर संचालक से समझौते के बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विजयीपुर ब्लॉक के गांव ब्योटी निवासी सर्वेश की पुत्री रोशनी (13) कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। परिजन उसका उपचार नरैनी कस्बे के एक मेडिकल स्टोर में करा रहे थे। आरोप है कि शनिवार रात उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद परिजन उसे सीएचसी ले गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सर्वेश ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण बेटी को मेडिकल स्टोर संचालक के यहां भर्ती कराया था। एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।