धाता। बीटीसी और टीईटी की तैयारी में लगे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव रविवार सुबह गांव के एक बाग में लटका मिला। सूचना पर परिवारीजन पहुंचे।
धाता थाना क्षेत्र के गोढ़वा गांव निवासी संदीप सिंह (25) मूल निवासी चक नारा थाना मंझनपुर जिला कौशाम्बी अपनी ननिहाल में रह कर बीटीसी व टीईटी की तैयारी कर रहा था।
शनिवार रात वह घर से बिना किसी को कुछ बताए निकल गया। सुबह खेतों की ओर गए लोगों ने तुलसी बाग में संदीप का शव पेड़ पर लटका देखा। उसका शव बिजली की केबिल के सहारे झूल रहा था।
यह देख गांव के लोगों ने उसके नाना मोती सिंह को सूचना दी, सूचना पर परिजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। परिजन खुदकुशी का कारण नहीं बता सके।
लोगों का कहना था कि शनिवार शाम वह काफी देर तक मोबाइल पर बात करते देखा गया था और इसके बाद से परेशान था। इंस्पेक्टर धाता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि संदीप के खुदकुशी करने का कारण परिजन नहीं बता सके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।