खागा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे मंडी समिति के पास शुक्रवार रात दो बजे ट्रक के इमरजेंसी ब्रेक मारने से पीछे चल रहा टैंकर अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा। इससे टैंकर सह चालक रिजवान (22) की मौत हो गई। वहीं चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हुए। इलाहाबाद की ओर जाने वाले वाहनों का जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटना की साइड को बंद कर रूट डायवर्जन किया।
सहचालक रिजवान प्रतापगढ़ जिले के मानधाता थाना क्षेत्र के नूरपुर निवासी इस्माइल का बेटा था। वह गांव के ही फारूख के साथ टैंकर का सह चालक था, उनके साथ मोहम्मद सलमान खलासी भी रहा। गुजरात से केमिकल का टैंकर लेकर गुवाहटी जा रहे थे। तभी खागा कोतवाली क्षेत्र हाईवे पर हादसा हुआ। हादसे की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला। मौके पर ही रिजवान को मृत पाया गया। वहीं फारूख और मोहम्मद सलमान को घायल देखकर जिले के ट्रामा सेंटर भेजा गया। एसओ मोहम्मद शरीफ खान ने बताया कि क्रेन से वाहनों को किनारे कराकर यातायात एक घंटे में बहाल करा दिया था। चालक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम में मृतक के पिता व परिजन भी रोते-बिलखते पहुंचे।