केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद साध्वी निरंजन ज्योति
ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित को ध्यान में रखते
हुए नई किसान फसल बीमा योजना शुरू की है। किसान इसका लाभ लें। इस योजना के
अंतर्गत किसान अब प्राकृतिक आपदा आने के बाद टूटेगा नहीं क्योंकि उसकी फसल
बर्बाद हुई तो उसका मुआवजा सरकार देगी। इसके बदले में उससे बहुत कम धनराशि
ली जाएगी।
शहर के तांबेश्वरनगर स्थित अपने आवास में पत्रकारों से
बातचीत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने किसानों को किसान फसल बीमा योजना
का तोहफा दिया है। अभी तक किसानों को फसल बीमा में किस्त का छह प्रतिशत
देना होता था।
अब किसानों को राहत दी गई है। नई योजना के तहत किसानों को
रबी की फसल में डेढ़ प्रतिशत और खरीफ की फसल में दो प्रतिशत ही देना होगा।
फसल बुआई के समय से लेकर फसल कटने के बाद 14 दिन तक यदि प्राकृतिक आपदा से
नुकसान होता है तो किसान को पूरा मुआवजा मिलेगा।
यदि कहीं सामूहिक फसल का
नुकसान होता है तो उसका मूल्यांकन सेटेलाइट के जरिए कराया जाएगा। साध्वी ने
बताया कि बेटियों की शादी और पढ़ाई के लिए सुकन्या योजना और दुर्घटना बीमा
योजना भी संचालित है जिसका लोग लाभ ले रहे हैं।