फतेहपुर। कलक्ट्रेट स्थित महात्मा गॉंधी सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सीडीओ पवन कुमार मीना ने की। इस दौरान उन्होंने पिछली बैठक मे दिये गए निर्देश के अनुपालन आख्या की समीक्षा की। साथ ही संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें।
बिना फिटनेस के स्कूली वाहन का संचालन किसी भी दशा में न होने पाए, इसका पुलिस विभाग व एआरटीओ का विशेष ध्यान रखे। गंभीर दुर्घटना वाले वाहन चालकों व जिस दुर्घटना में वाहन चालक की लापरवाही से किसी की मौत हुई हो, उन पर एआरटीओ नियमानुसार कार्रवाई करें। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाए। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सीओ, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, बीएसए, टीएसआई यातायात, एनएचआई, समिति के सदस्य सहित अन्य मौजूद रहे।