फोटो-16-जिला अस्पताल में ओपीडी के बाहर बिना मास्क के बैठे मरीज व तिमारदार। संवाद
फतेहपुर। जिले में बुखार और वायरल बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। इसी बीच स्वाइन फ्लू के छह मामलों की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जयरामनगर की एक महिला और हथगाम के चार वर्षीय बच्चे में संक्रमण की पुष्टि के बाद दोनों का उपचार जिले से बाहर कराया जा रहा है।
जयरामनगर निवासी महिला को कई दिनों से तेज बुखार था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। वहीं हथगाम निवासी चार वर्षीय बच्चा भी कई दिनों से बुखार से पीड़ित था।
सीपीसी में उपचार के दौरान रक्त का नमूना जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया था। रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद बच्चे का उपचार एसजीपीजीआई में चल रहा है। दो नए मामले सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या छह हो गई है।
सीएमएस डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मरीज यहां भर्ती नहीं थे और बाहर उपचार करा रहे थे। संदिग्ध मरीजों में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं।
संपर्क में आए लोगों की होगी जांच
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. केके सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों के घर स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी जाएंगी। परिवार के सदस्यों और संपर्क में आए लोगों के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी। जिला अस्पताल में शुक्रवार दोपहर तक 1464 मरीजों ने पर्चा बनवाकर उपचार कराया। इनमें बुखार, वायरल संक्रमण, सिरदर्द, उल्टी-दस्त, त्वचा, हड्डी, सांस और नाक-कान-गला संबंधी शिकायत वाले मरीज शामिल रहे।