बिंदकी। कोतवाली के बझोलवा गांव में मंगलवार सुबह नवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। शादी दो माह पहले हुई थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
जहानाबाद थानाक्षेत्र के मकरंदपुर मिर्जापुर गांव निवासी रामशंकर की बेटी शालिनी(20) की शादी नौ फरवरी को बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बझोलवा गांव निवासी दयाराम के बेटे धीरज पाल से हुई थी। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच रात को विवाद हुआ। शालिनी दूसरी मंजिल के कमरे में सोई थी।
ससुरालीजनों को सुबह छत के कुंडे के सहारे शालिनी साड़ी के फंदे में लटकी मिली। सूचना पर मायके से भाई समरजीत पहुंचा। समरजीत ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उसकी बहन को मारकर फंदे पर लटका दिया गया है।
समरजीत की तहरीर पर पुलिस ने सास जयरानी, ससुर, पति, ननद गुड़िया, संध्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल नंदलाल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।