बहुआ। हाईस्कूल छात्र ने बुधवार दोपहर गमछे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन जब खेतों से लौटे तो उसका शव लटकता देख बदहवास हो गए। सूचना पर लोग घर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। खुदकुशी करने से पहले किशोर ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है।
ललौली थानाक्षेत्र के सुजानपुर गांव निवासी गोलू (17) पुत्र कंधई हाईस्कूल का छात्र था और रसूलपुर स्थित वंशगोपाल इंटर कॉलेज में पढ़ता था। उसके पिता देहरादून में मजदूरी करते हैं। घर में उसकी मां फूलकुमारी व बहन रचना देवी है। बड़ा भाई निखिल कुमार फतेहपुर में रहकर पढ़ाई करता है। बुधवार की दोपहर मां व बहन खेतों पर गई थी और रोज की तरह गोलू मकान के ऊपर बने कमरे में पढ़ने के लिए गया हुआ था।
कुछ घंटे बाद जब मां व बहन घर लौटीं और ऊपर गईं तो उनकी चीख निकल गई। कमरे में गमछे के सहारे गोलू का शव छत से लटक रहा था। मोहल्ले के लोग शोर सुनकर पहुंचे और इसकी खबर पुलिस को दी। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें गोलू ने मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। चौकी प्रभारी बहुआ प्रवीण कुमार दुबे ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।