खागा। एक युवक ने रेलले लाइन पर सिर रखकर खुदकुशी कर ली। घटना खागा रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर बड़े भीट बाबा देवस्थान के सामने हुई। कुछ देर बाद जीआरपी पुलिस पहुंची और शव की पहचान कराने में जुट गई। पास में मिले मोबाइल से उसकी पहचान हुई।
खागा रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर बड़े भीट बाबा देवस्थान के सामने डाउन लाइन पर सोमवार की दोपहर एक युवक का शव पड़ा मिला। उसका सिर पूरी तरह से क्षत-विक्षत था। इससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पास में एक मोबाइल व कुछ ही दूरी पर एक बाइक खड़ी थी। सूचना पर जीआरपी खागा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मिले मोबाइल को पुलिस ने जैसे ही ऑन किया तभी एक फोन आ गया।
फोन करने वाला व्यक्ति मृतक का भाई शिवकुमार था। उसने पुलिस को पहचान बताते हुए कहा कि युवक उसका भाई अशोक (26) पुत्र रामशरन निवासी ऐरायां मशायक थाना सुल्तानपुर घोष है। वह बाइक से दवा कराने के लिए खागा गया था। जीआरपी चौकी इंचार्ज विजय सिंह ने बताया कि युवक ने अपना सिर पटरी पर रखकर खुदकुशी की है। खुदकुशी के पीछे क्या कारण हैं इस बारे में परिजनों से पूछताछ की जाएगी।