नगर के बाईपास जीटी रोड स्थित र्साइं होटल के पास गुरुवार की रात खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक व टैंकर के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टैंकर का चालक व ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाईपास जीटी रोड र्साइं होटल से कुछ दूरी पर इंजन में खराबी आ जाने के कारण ट्रक खड़ा था। रात करीब एक बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने ट्रक मेें टक्कर मार दी। ट्रक कुछ दूर जाकर खाई में पलट गया। टैंकर का आगे का हिस्सा पिचक गया। हादसे में कानपुर नगर के नेहरू नगर चीतीपुर निवासी ट्रक चालक सरफराज अहमद (46) और मथुरा के शेरगढ़ निवासी टैंकर के खलासी रघुबीर (25) की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर चालक और ट्रक का खलासी चांद बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया है। ट्रक आगरा के शमसाबाद से रिफाइंड तेल लादकर रांची जा रहा था। जबकि टैंकर कानपुर से इलाहाबाद जा रहा था।
टेंपो व ट्रैक्टर की भिड़ंत में छह घायल
खागा। नगर के नौबस्ता रोड नयापुरवा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की रात एक टेंपो व ट्रैक्टर की भिड़ंत में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी हरदो में भर्ती कराया है। कोतवाली क्षेत्र के लाखीपुर गांव निवासी श्रीकेशन की पुत्री का तिलक लेकर रिश्तेदार व पड़ोसी सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के गहेरियापुर गए थे। तिलक समारोह के बाद सभी लोग टेंपो से गांव आ रहे थे। रात करीब 11 बजे पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई, जिससे टेंपो पलट गया और सभी लोग दब गए। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की मदद से सभी लोगों को निकाला गया। हादसे में लाखीपुर गांव के चंद्रभवन, राजकुमार, रामरूप, लक्ष्मन ड्राइवर मिथुन और भखरना गांव पुरोहित रामशंकर दुबे घायल हो गए।