चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के सौंह गांव में शनिवार सुबह रास्ते और नाली के विवाद में मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंटों से हमला किया गया। इसमें महिला समेत कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
पहले पक्ष के शंकरलाल ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी विपिन अवस्थी, सुरेश अवस्थी और उनके परिवार के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर दरवाजे पर आ गए। गाली-गलौज करते हुए घर की छत से ईंटें फेंकी और शंकरलाल, अमित, अंकिता, रानी देवी और उत्कर्ष को पीटकर घायल कर दिया।
दूसरे पक्ष के विपिन कुमार ने बताया कि घर के सामने नाली को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान शंकरलाल तिवारी, अभय तिवारी, उत्कर्ष तिवारी और अमित तिवारी ने लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुकेश कुमार, मधुबन, ललिता और विमला देवी को भी पीटा गया। हमले में कई लोगों के सिर और गर्दन में चोटें आई हैं।
थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के दो लोगों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।