लेबर रूम में स्टाफ नर्स से पूछती स्वास्थ्य टीम
- फोटो : FATEHPUR
विजयीपुर। स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय टीम ने बुधवार को पीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं। टीम ने सुधार की हिदायत दी है। स्टाफ नर्स के सवालों का जवाब न दे पाने पर टीम ने नाराजगी जाहिर की। साथ ही चेतावनी भी दी है।
मंडल स्तरीय टीम में सलाहकार डॉक्टर राजेश त्रिपाठी और डॉक्टर मनीष त्रिपाठी की टीम सबसे पहले ओपीडी कक्ष में पहुंची। यहां सब ठीक मिला। इसके बाद मेडिसिन रूम, खून जांच केंद्र, स्टोर रूम, वैक्सीन रूम देखा। वैक्सीन रूम में डिस्कार्ड न होने और रजिस्टर अपूर्ण पाए जाने पर सुपरवाइजर सोमनाथ से नाराजगी जताई। इसके बाद टीम लेबर रूम पहुंची। यहां स्टाफ नर्स इंदु से पूछताछ की। वह एक भी सवाल का जवाब नहीं दे पाईं। इन्हें चेतावनी दी गई।
टीम ने अस्पताल परिसर की साफ सफाई पर संतुष्टि जताई। हर्बल गार्डन में और पौधे लगाने के लिए कहा। डॉक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इस मौके पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीके पांडेय, फार्मेसिस्ट राम बहादुर सिंह, डॉ.आलोक जायसवाल, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. यजदानी, डॉक्टर कौशल सिंह, शान सिंह मौजूद रहे।