किशनपुर। कस्बे के नागा बाबा मैदान में खेले जा रहे किशनपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) के छठवें दिन बुधवार को रायबरेली टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रायबरेली की टीम ने 80 रन से सनगांव की टीम को हराया। रायबरेली के गेंदबाज विक्रम को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
बुधवार का मैच रायबरेली और सनगांव के बीच खेला गया। सनगांव की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। रायबरेली की तरफ से बल्लेबाज नुमान ने 24 गेंदों पर 60 रन बनाए। उनके साथ सुमित ने 44 रन बनाए।
समीर ने सात गेंदों पर 29 रन बनाए। सनगांव की ओर से गेंदबाज अंकुर ने पांच विकेट लिए। रायबरेली ने 16 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। जवाब में सनगांव की टीम 13 ओवर में 134 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। सनगांव की ओर से अंकुर ने 31, साद ने 23, रोहित ने 17 व रसल ने 18 रन का योगदान दिया। रायबरेली की ओर से गेंदबाज विक्रम ने चार ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट गिराकर टीम को विजय दिलाने में अहम योगदान दिया। रायबरेली ने 80 रन के अंतर से सनगांव को पराजित किया।
इस मौके पर अरविंद मिश्रा, ओमकार सिंह, शालू यादव, रज्जू, धनंजय सिंह, उत्तम सिंह, मोहम्मद आसिफ, अनिल, महादेव, मयंक मिश्रा आदि मौजूद रहे।