फतेहपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को अंडर-14 जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मैच प्रयागराज ने प्रतापगढ़ की टीम को नौ विकेट से हराकर जीत लिया। प्रतापगढ़ के बल्लेबाज अर्ध शतक का स्कोर नहीं दे सके। बाकी की कसर प्रयागराज के गेंदबाज यश यादव ने पूरी कर दी। बेहतर गेंदबाजी करने पर यश को मैन ऑफ दि मैच चुना गया।
राज्य खेल निदेशालय की इस प्रतियोगिता में मेजबान फतेहपुर के साथ कौशांबी, प्रतापगढ़ और प्रयागराज की टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। 25 ओवर के मैच का टॉस प्रयागराज ने जीत कर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। प्रतापगढ़ के बल्लेबाज महज 44 रन बनाकर ऑल आउट हो गए। इस टीम से उत्कर्ष ने ही 16 रन का सर्वाधिक योगदान
दिया। प्रयागराज के यश यादव ने पांच ओवर गेंद फेंक कर प्रतापगढ़ के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। यश ने महज चार रन देकर तीन विकेट झटके। प्रतापगढ़ की टीम बैकफुट में आ गई। प्रयागराज के आकाश यादव ने भी पांच ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम को बहुत
मशक्कत नहीं करनी पड़ी। हरिअनंत ने 38 गेंद में 24 रन की नाबाद पाली खेली। प्रयागराज ने यह मुकाबला एक विकेट के नुकसान पर आसानी से जीत लिया। प्रतियोगिता में गेंदबाजी का धमाल मचाकर प्रतापगढ़ को बैकफुट में लाने वाले यश यादव को जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मैन ऑफ दि मैच का खिताब दिया। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह, अर्थ एवं संख्या अधिकारी जोगेंदर सिंह यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी बबलू कुमार भी मौजूद रहे।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच फतेहपुर ने कौशांबी को हरा कर जीता था। फाइनल मैच अपराह्न चार बजे से खेला जाएगा। विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत करने को डीएम संजीव सिंह मौजूद रहेंगे।