फतेहपुर। एक और सेना भर्ती का गवाह बनने जा रही बारहवीं वाहिनी पीएसी को व्यवस्थित करने का काम तेज है। परिसर की साफ सफाई से लेकर रंगरोगन का काम चल रहा है। पीएसी के साथ पुलिस व प्रशासन के अफसर चल रहीं तैयारियों की मानीटरिंग कर रहे हैं ताकि समय रहते युवाओं के लिए मुफीद मैदान दिया जा सके।
दो फरवरी से सेना भर्ती होनी है। जिसमें 90 हजार से ज्यादा युवाओं के सहभाग करने की उम्मीद लगाई जा रही है। सेना भर्ती के पहले दिन गोंडा जिले के युवा प्रतिभाग करेंगे। तीन फरवरी को बांदा, हमीरपुर, गोंडा, उन्नाव के युवाओं की दक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा। चार फरवरी को उन्नाव का नंबर होगा। पांच फरवरी को बाराबंकी और उन्नाव जिले के युवा भर्ती की प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। छह फरवरी को औरेया और कानपुर नगर के युवा
प्रतिभाग कर सकेंगे। आठ फरवरी को कानपुर नगर के लिए एलाट होगा। नौ फरवरी को कानपुर नगर और कन्नौज की बारी होगी। दस फरवरी का भी दिन कन्नौज के लिए निर्धारित किया गया है। 11 फरवरी को कानपुर देहात और लखनऊ के युवा सैनिक बनने की प्रक्रिया में शामिल होंगे। 12 फरवरी का भी दिन कानपुर के युवाओं के नाम
होगा।13 फरवरी को चित्रकूट, महोबा और कानपुर देहात के युवा किस्मत की जोर आजमाइश करेंगे। 14 फरवरी को फतेहपुर और 15 फरवरी को बांदा के साथ फतेहपुर के युवा भर्ती में शामिल होंगे। 16 फरवरी की तारीख अवशेष आवेदनों के लिए निर्धारित होगी। भर्ती प्रक्रिया की उल्टी गिनती चालू होते ही तैयारियों में तेजी आ गई है। गुरुवार को पीएसी के मैदान को हौसलों को उड़ान देने के लिए मुफीद करने का काम शाम तक चलता रहा। एडीएम पप्पू गुप्ता ने बताया कि सेना भर्ती का खांका खींच लिया गया है। युवाओं की सुविधा का ख्याल रखना प्राथमिकता होगी।