फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसपी बोले, परिजन न आए तो पुलिस खुद दर्ज करेगी रिपोर्ट

Sun, 15 Feb 2015 12:27 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान(आईटीआई) के ग्राउंड पर गुरुवार को लापरवाही के चलते हुए हादसे में महिला की मौत के मामले में तीसरे दिन भी कोतवाली पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। पुलिस का सीधा सा जवाब है कि परिजन तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। वे तहरीर नहीं दिए तो पुलिस खुद रिपोर्ट दर्ज करेगी।
विज्ञापन


वहीं इस मामले को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बढ़े मामले में पुलिस को लचर नीति नहीं अपनाई जानी चाहिए।

पुलिस एक तरफ हेलमेट पहनने और नियम कायदे का पालन करने का पाठ पढ़ाती है, दूसरी तरफ घोर लापरवाही करने वाले एजेंसी संचालक को बचाने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब रहे कि शहर के रानी कालोनी आदर्श नगर मोहल्ला निवासी आभा मालवीय (32) पत्नी जयगोविंद की स्कूटी सीखते वक्त हुई दुर्घटना में मौत हो गई थी।

ड्राइविंग सीखाने का काम बिना पुलिस व एआरटीओ की इजाजत लिए मालवीय किंकर आटो सेल्स की ओर से किया जा रहा था।

इतना ही नहीं ड्राइविंग सीखने वाली आभा को हेलमेट भी नहीं पहचाना गया था और ट्रेनर के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।

इतने बड़े मामले में पुलिस ने तीसरे दिन भी कोई कार्रवाई नहीं की। कोतवाली पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। उसका सीधा सा जवाब है कि परिजन तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज करेंगे।

जबकि स्थानीय अधिवक्ताओं का कहना है कि इस मामले में पुलिस को खुद संज्ञान लेना चाहिए। साथ ही बिना अनुमति के प्रशिक्षण देने के मामले में एआरटीओ को कार्रवाई करानी चाहिए।
विज्ञापन


शहरियों ने आक्रोश जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन शुरू करेंगे।

हालांकि इस मामले में एसपी सालिग राम वर्मा ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। घटना में लापरवाही के चलते दुर्घटना की बात साफ है।

मुकदमा हर हाल में एजेंसी संचालक और ट्रेनर के खिलाफ दर्ज होगा। इसके आदेश कोतवाली पुलिस को दिए जाएंगे।

फोटो-
महिला की मौत मामले में  एसपी सालिगराम वर्मा सेे सवाल-जवाब
सवाल:- महिला की मौत मामले में रिपोर्ट दर्ज करने में इतनी देर क्यों?
जवाब: -परिजनों की ओर से तहरीर आने का इंतजार है।
सवाल:-पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी तो क्या कार्रवाई नहीं होगी?
जवाब:- नहीं ऐसा नहीं है। पीड़ित पक्ष के न आने पर पुलिस खुद रिपोर्ट दर्ज कराएगी।
सवाल:-किन- किन धाराओं आरोपियों में होगी कार्रवाई?
जवाब: हादसे में लापरवाही पर 304 ए के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सवाल: -महिला की मौत के जिम्मेदारों पर कब तक कसेगा शिकंजा?
जवाब: कोशिश होगी कि जल्द से जल्द कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया जाए।
सवाल: कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने में कितने दिनों का देंगे मौका?
जवाब: - पीड़ित पक्ष की तहरीर का अधिक दिनों तक इंतजार नहीं होगा। एक-दो दिन में पुलिस खुद रिपोर्ट दर्ज करा देगी।
 
एक नजीर यह भी---
जब दरोगा की तहरीर पर दर्ज हुई थी रिपोर्ट
शहर के राजेंद्र नगर कालोनी इलाके में वृद्धा के गले से चेन लूटने के मामले में वादी पीछे हट गई। इस पर पुलिस ने खुद रिपोर्ट दर्ज की थी। यह सिर्फ दो दिन पहले की ही बात है।

इसमें हरिहरगंज चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने तहरीर दी थी तो कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस पर चौकी प्रभारी को वाहवाही मिली थी।

वहीं महिला की मौत मामले में पुलिस के पैर पीछे खींचने को लेकर तरह-तरह के सवाल किए जा रहे हैं। कुछ लोग तो पुलिस की नीयत पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।

ट्रेनिंग स्कूलों के मानक किए तलब
एसपी सालिगराम वर्मा ने बताया कि स्कूटी सीखने के दौरान हुई दुर्घटना में महिला की मौत के बाद आगे ऐसी दुर्घटनाएं नहीं हो, इसके लिए गाइडलाइन तैयार हो रही है।

उन्होंने बताया कि जिले में संचालित ट्रेनिंग स्कूलों की रिपोर्ट मंगाई है। ट्रेनिंग स्कूलों के संचालकों से मानकों की जांच की जाएगी। मानक विहीन और अवैध तरीके  से ड्राइविंग सीखाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का मसौदा तैयार किया जाएगा। यातायात पुलिस को ट्रेनिंग स्कूलों के नियमों के तहत ही ड्राइविंग सीखाने पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें