फतेहपुर। कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा राउंड शुक्रवार से शुरू हो गया। फ्रंट लाइन वर्कर के इस राउंड में 1060 के सापेक्ष 803 कर्मियों ने टीका लगवाया।
राजस्व और पुलिस विभाग के टीकाकरण अभियान में हेल्थ वर्कर भी शामिल रहे। जिले के आला अफसरों का टीकाकरण होने की वजह से स्वास्थ्य महकमा बेहद मुस्तैद दिखा।
खासकर जिला महिला अस्पताल में मुस्तैदी देखते बनी क्योंकि यहां डीएम और एसपी के साथ कई प्रशासनिक अफसरों ने टीका लगवाया।
टीकाकरण का प्रतिशत 75.75 रहा। दूसरे राउंड का टीकाकरण सात सत्र केंद्र के 12 वैक्सीनेशन प्वाइंट पर हुआ।
जिसमें राजस्व के 444, पुलिस से 305 और स्वास्थ्य विभाग के 301 कार्मिकों को टीका लगाया जाना था।
जिसमें 25 फीसदी कार्मिक टीकाकरण का कतिपय कारणों से अभियान का हिस्सा नहीं बन सके। जिला महिला अस्पताल में डीएम अपूर्वा दुबे के साथ ही एसपी सतपाल अंतिल, एडीएम न्यायिक विनीता सिंह, एएसडीएम विजय शंकर तिवारी और एसओसी चकबंदी वीके उपाध्याय ने कोवि शील्ड की खुराक ली। टीकाकरण की प्रक्रिया पर जिम्मेदारों की नजर टिकी रही।
11 को 1800 को दी जाएगी खुराक
दूसरे राउंड की शुरू हुई प्रक्रिया का अगला पड़ाव 11 फरवरी को होना है। जिसमें राजस्व, पुलिस, होमगार्डों व सैनिकों का टीकाकरण होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद ने बताया कि 11 की प्रक्रिया में 1800 फ्रंट लाइन वर्करों को कोवि शील्ड की खुराक दी जाएगी।
टीकाकरण पर एक नजर
सत्र केंद्र - लाभार्थी - टीकाकरण - प्रतिशत
..................................................................................
खागा - 101 - 92 - 91
खागा - 123 - 112 - 91.06
पीपीसी - 100 - 33 - 33
महिला अस्पताल - 137 - 88 - 64.23
पुरूष अस्पताल - 76 - 65 - 85.53
सराय खालिस - 40 - 34 - 85
तेलियानी - 124 - 101 - 81.45
खखरेरू - 34 - 34 - 100
देवमई - 56 - 43 - 76.79
जहानाबाद - 121 - 77 - 63.64
खजुहा - 104 - 90 - 86.54
खजुहा - 44 - 34 - 77.27
......................................................................................................
जिला अस्पताला में कोरोना का टीका लगवाते एसपी सतपाल आंतिल- फोटो : FATEHPUR