आचार संहिता पालन के थानेदारों को निर्देश देते एसपी
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव आचार संहिता की शुचिता कायम रखने के लिए चेतावनी का वक्त अब खत्म हो गया। उल्लघंन करने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने मातहतों को सीधे एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई के आदेश दिए हैं। अपराध पर लगाम को चुनाव दरम्यान सबसे महत्वपूर्ण काम बताया। पुलिसिंग में कोताही बरते जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस लाइंस में पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव ने शनिवार को पुलिस कर्मियों के साथ सैनिक सम्मेलन किया। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों की समस्याओं को जाना और निस्तारण के निर्देश दिए। बढ़ते क्राइम के ग्राफ पर पूरी तरह से शिकंजा कसने के निर्देश दिए। थाने पर आने वाले पीड़ितों से अच्छा व्यवहार और न्याय करने की बात कही। साफ सुथरी वर्दी के साथ ही पुलिस कर्मी नजर आए। आचार संहिता अनुपालन में बैनर पोस्टर, पेटिंग कराने वालों के खिलाफ राजकीय संपत्ति के तहत और निजी जगहों पर लगाने के खिलाफ पब्लिक संपत्ति के तहत रिपोर्ट दर्ज करनेके आदेश दिए हैं।
जरूरत पड़ने पर जिला मजिस्ट्रेट स्वीकृति भी ले ली जाए। अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए बैरियर ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों के संपर्क में थाने का फोर्स रहे। सभी के पास एक दूसरे के मोबाइल नंबर हों। चुनाव संबंधी मामलों में बैरियर की टीमें फौरन थाना प्रभारी को सूचित करें। मतदाताओं को डराने धमकाने के मामलों पर थानेदार सीधे मौके पर पहुंचे। वहां पीड़ित से बात करें और कार्रवाई करें। मीटिंग में सीओ सिटी समरबहादुर, सीओ बिंदकी आरके वर्मा, सीओ खागा अतुल चौबे, सीओ थरियांव कपिल देव सिंह, सीओ जाफरगंज मदन सिंह, सारे थानेदार मौजूद रहे।