फोटो-03-प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त करते ओसामा। संवाद
फतेहपुर। विजय द स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से बांदा-सागर रोड स्थित सैय्यद बाबा चौराहे के निकट खेल मैदान में आयोजित ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार रात दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें साउथ अफ्रीका फतेहपुर और पालीवाल पीपी इलेवन ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका फतेहपुर और केबी नगर इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 14 ओवर में नौ विकेट पर 178 रन बनाए। ओसामा ने 27 गेंदों में नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 78 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में केबी नगर इलेवन की टीम 13.3 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने 62 रन से मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाई। ओसामा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में पालीवाल पीपी इलेवन का मुकाबला टीचर्स इलेवन से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पालीवाल पीपी इलेवन ने 14 ओवर में चार विकेट पर 144 रन बनाए। सुधांशु ने नाबाद 47 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचर्स इलेवन निर्धारित 14 ओवर में सात विकेट पर 100 रन ही बना सकी। पालीवाल पीपी इलेवन ने 44 रन से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। शानदार प्रदर्शन के लिए सुधांशु को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस दौरान डॉ. ज्ञानेंद्र सचान ज्ञानू, सुशील सिंह चंदेल, आशीष शुक्ला जीतू, संतोष कुमार गुप्ता, आयुष अग्रहरि, संदीप श्रीवास्तव, रतन कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।