फतेहपुर। विजय द स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से बांदा-सागर रोड स्थित सैय्यद बाबा चौराहे के निकट खेल मैदान में आयोजित ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार रात साउथ अफ्रीका फतेहपुर और पालीवाल पीपी इलेवन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के समान स्कोर पर मुकाबला टाई रहा। इसके बाद सुपर ओवर से विजेता का फैसला हुआ। शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल में साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करते हुए पालीवाल पीपी इलेवन ने निर्धारित 15 ओवरों में छह विकेट पर 137 रन बनाए।
जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका फतेहपुर की टीम ने भी 15 ओवरों में छह विकेट खोकर 137 रन बना दिए। मुकाबला टाई होने पर खेले गए सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने 20 रन बनाए। जवाब में पालीवाल पीपी इलेवन कड़े संघर्ष के बावजूद 16 रन ही बना सकी।
इस तरह साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने चार रन से जीत दर्ज कर ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग सीजन-1 वर्ष 2026 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका फतेहपुर के जिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट आशीष सिंह चौहान, बैटर ऑफ द टूर्नामेंट ओसामा, बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट जिया, फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट राज सिंह, अंपायर ऑफ द टूर्नामेंट आकाश शुक्ला, प्रियम त्रिवेदी तथा कमेंट्रेटर ऑफ द टूर्नामेंट मनोज कुमार घोषित किए गए।
इस दौरान डॉ. विजय सचान, शिवसती सचान, डॉ. ज्ञानेंद्र सचान ज्ञानू, पूर्व प्रधानाचार्य मार्तंड इंटर कॉलेज चुरयानी रामराज सिंह, पूर्व प्रवक्ता बालकराम सिंह परिहार, संतोष गुप्ता, आशीष शुक्ला, संजय श्रीवास्तव, अंकुर त्रिवेदी, सुशील सिंह चंदेल, रानू तिवारी, पंकज पासवान, संदीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
फोटो-10-विजेता टीम को ट्राफी प्रदान करते आयोजक व अन्य।