फतेहपुर। गर्मी व उमस से त्वचा के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को चर्मरोग विशेषज्ञ डाॅक्टर की ओपीडी में रोगियों की लंबी लाइन लगी रही। चर्म रोग विशेषज्ञ को दिखाने 105 रोगी ओपीडी में पहुंचे। यह संख्या आम दिनों की अपेक्षा तीन गुना अधिक है।
मानसून की पहली बारिश के बाद उमस बढ़ने के साथ एलर्जी संबंधित बीमारियां बढ़ गई हैं। एलर्जी रोगियों में बहुतायत को फंगस की शिकायत मिल रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में 1021 रोगियों ने पंजीयन कराया, जिसमें 105 रोगी एलर्जी से संबंधित रहे। एलर्जी की एकमात्र डाॅक्टर के यहां इन दिनों लंबी लाइन लग रही है।
एलर्जी की ओपीडी इन दिनों आधा घंटे विलंब से बंद हो रही है। दोपहर दो बजे अस्पताल की ओपीडी खाली हो जाती है, लेकिन एलर्जी की ओपीडी दो बजे के बाद भी खुली रहती है। हालांकि जिला अस्पताल में आम रोगियों की संख्या में कमी आई है।
डॉ. केके पांडेय का कहना है कि बारिश के बाद उमस के बढ़ने से फंगस रोगी बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि एलर्जी की ओपीडी में रोगियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। अधिक समय तक पसीने से कपड़े भीगे रहने के कारण एलर्जी की शिकायत होती है।