थरियांव। वाहन की चपेट में आने से गुरुवार रात शटरिंग कारीगर की मौत हो गई। पिता ने दोस्त पर लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के अरबपुर निवासी शटरिंग कारीगर प्रदीप कुमार लोधी (20) गुरुवार रात गांव से दोस्त रवि लोधी के साथ बाइक से करियामऊ गांव निमंत्रण में जा रहा था। फौजी ढाबा के पास बाइक से उतरकर प्रदीप हाईवे पार करने लगा। तभी किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में लाया गया, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पर मां फूलमती, भाई इंद्रजी व पवन लोधी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतक के पिता भोला सिंह ने बताया कि हादसे के पीछे उसका दोस्त रवि दोषी है। उसकी लापरवाही से बेटे की जान गई है। पिता ने पुलिस को रवि के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौके की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।