खागा। नगर के रावण मैदान स्थित एक गेस्ट हाउस में मंगलवार की शाम दंगल का आयोजन हुआ। दंगल में नेपाल, अलीगढ़, हमीरपुर, मुरादाबाद, हरिद्वार आदि के पहलवानों ने कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
श्रीराम लीला कमेटी ने दूसरे शहरों के नामचीन पहलवानों को दंगल में बुलाया था। दंगल में बड़ा गांव के राजू पहलवान ने महोबा के सत्यवीर को हराया। टेसाही के वीरभान ने गेरवा के अमित को पटखनी दी। खागा के महेंद्र ने फूलपुर के कैलाश को चित कर दिया। हरिद्वार के राजा ने राजस्थान के कालीगट्टा को पटखनी दी। हरियाणा के टाइगर ने मुरादाबाद के अली पहलवान को हराया। हमीरपुर के जय सिंह को हरियाणा की महिला पहलवान मुस्कान ने हराकर पुरस्कार प्राप्त किया। इसी प्रकार हरियाणा के टाइगर पहलवान ने अखाड़े में श्रीराम पहलवान को ललकारा तो दर्शकों ने खड़े होकर श्रीराम पहलवान का स्वागत किया। श्रीराम पहलवान ने टाइगर को अखाड़े में धूल चटा दी। दंगल में चार कुश्तियां बराबरी पर रही। दंगल का संचालन रामभवन मिश्रा और निर्णायक राम सिंह रहे। कमेटी के अध्यक्ष केके मिश्र, चेयरमैन गीता सिंह, विमलेश पांडेय, सूर्यप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।
....................