नगर पालिका परिषद ने अभी तक बरसात में जलभराव से निपटने की तैयारी तक शुरू नहीं की है। मानसून आने का समय मध्य जून है। अभी तक शहर के बड़े नाले सिल्ट से लबालब हैं। नियम के मुताबिक मई के आखिर तक सफाई ठेकेदारों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए। पिछले वर्ष विलंब के कारण हुए भीषण जलभराव से सबक न लेते हुए पालिका प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
सादीपुर, नासिरपीर, 50 नंबर गेट आदि मोहल्लों में बरसात के पानी की निकासी के लिए सादीपुर चौराहे से गुजरने वाला गंदा नाला पूरी तरह से सिल्ट से पटा पड़ा है। आबादी के माध्य से गुजरने वाले इस नाले की सफाई मजदूर ही कर सकते हैं क्योंकि यहां पर मशीनें प्रवेश नहीं कर सकती हैं। बरसात का मौसम नजदीक आने के बावजूद अभी तक नगर पालिका परिषद ने नाले की सफाई शुरू कराना, तो दूर टेंडर प्रक्रिया तक प्रारंभ नहीं की है।
शहर तांबेश्वर, खलीलनगर, रानीकालोनी, आबूनगर, आवास विकास कालोनी आदि मोहल्लों की जलनिकासी के लिए बिंदकी बस स्टैंड के समीप से गुजरने वाला नाला नाली में बदल गया है। सालों से सिल्ट सफाई न होने के कारण बरसात का पानी इससे पास हो पाना मुश्किल है। पिछले साल की तरह अगर समय से बरसात शुरू हो गई, तो निश्चित ही शहर में जलभराव की समस्या पैदी होगी।
शहर पश्चिमी के पानी की निकासी का वर्मा तिराहे से गुजरने वाला गंदा नाला रेलवे लाइन से उत्तर स्थित शहर की जलनिकासी में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन करता है। इस नाले से साल के हर महीने में गंदा पानी बहता है। बरसात के मौसम में यह नाला किसी बड़े नहर का रूप धारण कर लेता है। इसकी सिल्ट सफाई कराने में नगर पालिका परिषद को खासा समय लगता है। इसके बावजूद अभी तक नाले की सिल्ट सफाई का काम शुरू नहीं हो पाया है।
उत्तरी गौतम नगर और मुराइनटोला को जलभराव से मुक्ति दिलाने वाला यह नाला राजकीय बालिका इंटर कालेज के पीछे से गुजरता है। नाले में घास फूस के साथ बड़ी मात्रा में सिल्ट जमा है, लेकिन अभी तक नगर पालिका परिषद ने नाले की तरह मुड़ कर नहीं देखा है। अगर मशीनों से भी सफाई कराई गई, तो सिल्ट हटाने में पखवारेभर से कम समय नहीं लगता है। अगर इस दौरान बरसात हो जाती है, तो पूरी सिल्ट नाले में जाने से जलभराव की समस्या पैदा हो जाएगी। इसके बावजूद अभी तक नगर पालिका परिषद को नाले की सिल्ट सफाई कराने की सुधि नहीं आई है।
इंसेट
समय से हो जाएगी सिल्ट सफाई- चेयरमैन
फतेहपुर। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन चंद्रप्रकाश लोधी का कहना है कि शहर के अधिकांश नालों की सिल्ट सफाई नगर पालिका अपनी मशीनों के माध्यम से कराती है। कुछ नाले ऐसे हैं, जिनमें मशीने नहीं घुस पाती हैं। उनकी सफाई मजदूरों से कराई जाती है। मशीनों के माध्यम से सिल्ट सफाई का काम शुरू करा दिया गया है, जल्द ही सभी नालों की सिल्ट सफाई का काम पूरा करा लिया जाएगा।