चौडगरा। उधार दिए छह हजार रुपये मांगने पर दुकानदार के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की चाबी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दुकानदार के पिता और कर्मचारी को भी पीटा। पीड़ित की शिकायत पर कल्याणपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साईं मोहल्ला निवासी उमेश गुप्ता पुत्र दिनेश चंद्र गुप्ता चौडगरा में जेपीजी एंटरप्राइजेज फर्म का संचालन करते हैं। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि 24 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे मौहार निवासी दो युवक दुकान पर पहुंचे। दोनों को उन्होंने वर्ष 2024 में छह हजार रुपये उधार दिए थे।
रकम वापस मांगने पर आरोपी उन्हें दुकान से बाहर बुलाकर ले गए और गाली-गलौज करते हुए लोहे की चाबी से हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता और कर्मचारी लकी दिवाकर के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित ने चौडगरा चौकी में शिकायत की, जहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उनका आरोप है कि वहां मेडिकल रिपोर्ट नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने कानपुर के निजी अस्पताल में जांच कराई।
आरोपियों पर मारपीट के बाद झूठे एससी-एसटी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।