चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे से सोमवार की रात एक कंटेनर से सत्रह कूलर चोरी हो गए। ड्राइवर को कंटेनर चलाते समय साइड सीसे से पीछे का गेट खुला दिखने पर यह जानकारी हुई। ड्राइवर का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी।
मुरादाबाद जिले के निवासी चालक मो. कासिम एवं मो. वसीम ने बताया कि दादरा नगर हवेली के शहर छिलवाटा से एक कंटेनर में तीन सौ पैंतीस सिंफनी कंपनी के कूलर लादकर बनारस जा रहे थे। रात दस बजे भोगनीपुर के एक होटल में खाना खाने के बाद सीधे कल्यानपुर थाने के बकेवर रोड पर स्थित ढाबा में रुककर चाय पीने के बाद लगभग एक बजे हाईवे पर मौहार गांव के पास चलते कंटेनर में साइड सीसे से पीछे का गेट खुला दिखा। कंटेनर रोककर देखा कि गेट पर लगी सील व ताला टूटा है, जिस पर हथौड़े से ताला तोड़ने के निशान हैं। सुबह होने पर जब कूलरों की गिनती की तो लोड तीन सौ पैंतीस कूलरों में सत्रह कूलर कम थे। ड्राइवर के मुताबिक ताला व सील कहां तोड़ी गई तथा कूलर कहां से गायब हुए यह पता नहीं चल पा रहा है। थाने गया था रिपोर्ट नहीं लिखी गई। थाना प्रभारी जेपी उपाध्याय ने बताया कि थाने में कोई शिकायत लेकर नहीं आया। अगर ऐसा हुआ भी है तो इसमें पुलिस की क्या गलती है। इस तरह की घटनाओं में ड्राइवरों का ही खेल होता है।