जिले में ठंड के कहर से व्यापारी समेत सात लोगों की
मौत हो गई। मरने वालों में तीन शहर के रहने वाले हैं। इनमें एक कक्षा 11 का
छात्र भी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रस्तोगीगंज निवासी अजय रस्तोगी (60) की देवीगंज मोहल्ले में कपड़े की दुकान है। शुक्रवार शाम दुकान बंद करके घर पहुंचे, तभी रास्ते में ठंड लग गई। परिजन अस्पताल
ले गए लेकिन बचाया नहीं जा सका।
कोतवाली क्षेत्र के ही महाजरी मोहल्ला
निवासी दीपू श्रीवास्तव के बेटे नीशू (16) को नहाते समय ठंड लग गई। उसे
सीने में दर्द होने पर परिजन अस्पताल ले गए वहां मौत हो गई।
शहर के गढ़ीवा
मोहल्ला निवासी मूलचंद्र पटेल (50) शनिवार की सुबह सैर को निकले थे। रास्ते
में ठंड लग गई। किसी तरह से घर पहुंचे और वहां पहुंचते ही गिर पड़े और
उनकी मौत हो गई।
हथगाम थाना क्षेत्र के छिवलहा निवासी गोलू गुप्ता (20)
शुक्रवार की शाम ठंड लग गई। परिजन गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जा रहे
थे, तभी रास्ते में युवक की मौत हो गई।
सुल्तानपुर घोष निवासी रामलाल (60)
शनिवार की सुबह फसल देखने खेत गए थे। वहीं पर ठंड लग गई। घर पहुंचने पर
हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने से पहले वृद्ध की मौत हो गई।
परिजनों ने
शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर, खजुहा विकास खंड के गांव सैमसी
निवासी रंगपाल (52) खेतों में पानी लगाने गए थे। वहां ठंड लग गई, कांपते
हुए वह घर आए तो परिजनों ने घरेलू इलाज के साथ अलाव जलाकर राहत पहुंचाने का
प्रयास किया।
सुधार न होने पर अस्पताल ले गए। वहां मौत हो गई। परिजनों ने
पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, गांव सुल्तानपुर
निवासी वंशलाल गरीबी के कारण गांव में झोपड़ी डाल कर रह रहे हैं।
उनके
पुत्र अजीत (18) को शुक्रवार की रात ठंड लग गई। परिजनों ने घरेलू उपचार
किया लेकिन मौत हो गई। अंतिम संस्कार परिजनों ने यमुना नदी के बारा घाट पर
कर दिया है।