किशनपुर। विजयीपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत रायपुर भसरौल के मजरे बहियापुर में करीब साढ़े सात लाख की लागत से बना नाला पहली ही बारिश में ही बह गया। नाला बहने से निर्माण घटिया सामग्री लगाने की पोल खुल गई। ठेकेदार ने मोटी रकम बचाने के चक्कर में घटिया निर्माण सामग्री लगाकर लीपापोती की है।
बहियापुर गांव में जल निकासी के लिए जिला पंचायत ने 15वें वित्त से बब्बू पांडेय के घर के पास से गांव के बाहर तक 200 मीटर नाला निर्माण कराया था। नाला निर्माण के छह महीने के अंदर ही लाखों की लागत से बना नाला टूटकर बिखर गया। पहली जुलाई को हुई झमाझम बारिश में नाला टूट गया।
ग्रामीणों ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान ठेकेदार ने मोटी रकम बचाने के लिए घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर लीपापोती की है। इससे नाला टूटकर बिखर गया। जेई जिला पंचायत अशोक आनंद ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। मौके पर जांच की जाएगी। अगर मानक को दरकिनार कर निर्माण हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी।
...................