फतेहपुर में यूरिया संकट से जूझ रहे किसानों को राहत देने के लिए निदेशक कृषि लखनऊ ने बंदी के दिन शनिवार, रविवार को भी खाद, कीटनाशक व बीज की थोक और फुटकर दुकानों को खोलने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग ने सरकारी व गैर सरकारी बिक्री केंद्रों में आदेेश जारी करा दिया है।
निदेशालय से कहा गया है कि खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं की दुकानों को बंद कराने के लिए बाध्य न किया जाए। साथ ही किसानों के आवागमन पर भी रोक न लगाई जाए। किसान अपनी फसलों की जरूरत को पूरा करने के लिए बाजार जा सकते हैं। उर्वरक की कालाबाजारी को भी संज्ञान में लिया गया है। जमाखोरी रोकने के लिए गोदामों का सत्यापन कराने और किस दुकान में खाद नहीं भेजी गई है। इसकी जानकारी ली जाए।
अगर डीलर स्तर से जमाखोरी का मामला आता है और दुकानदार शिकायत करते हैं कि खाद समय पर नहीं दी जा रही है। तो डीलर पर कार्रवाई की जाए। जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह ने कहा कि निदेशालय और जिलाधिकारी के निर्देश पर दुकानदारों को शनिवार और रविवार को दुकान खोलने के आदेश जारी करा दिया गया है।
साथ ही किसानों को छूट दी गई है कि वह अपनी जरूरत का सामान खरीदने के लिए बाजार जा सकते हैं। गोदामों का अब हर महीने सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए सदर, बिंदकी और खागा तहसील में टीम गठित कर ली गई है। गोदाम के बाहर उर्वरक के स्टाक का विवरण लिखा रहना चाहिए। यह निर्देश गोदाम संचालक को दिए गए हैं।