बिंदकी तहसील के चार ब्लाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार सुबह सात बजे से प्रधान व सदस्य पद प्रत्याशियों की मतगणना का कार्य शुरू हो गया। मतगणना के दौरान चप्पे- चप्पे पर पुलिस व सीआरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे।
आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए बैरियर लगाए गए थे। प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना केंद्रों के बाहर अपने- अपने प्रत्याशियों के मतों का हिसाब किताब लेते रहे। समर्थकों में कभी हंसी तो कभी गम का माहौल देखने को मिला।
तहसील क्षेत्र के खजुहा, देवमई, अमौली व मलवां ग्राम पंचायतों के प्रधान व सदस्य पद के प्रत्याशी के मतों की मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के अलावा उनके एजेंटों को ही मतगणना स्थल में प्रवेश दिया गया। इसके अलावा अन्य समर्थक मतगणना केंद्रों के बाहर अपने- अपने गुटों के बीच अपने प्रत्याशियों के मतों की थोड़ी- थोड़ी देर में टोह लेते रहे।
मतगणना दौरान प्रत्याशी समर्थकों में खुशी और गम के नजारे देखने को मिले। समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत के पहले ही फूलमालाओं की व्यवस्था कर रखी थी। जैसे ही प्रत्याशी जीतकर बाहर आते उनके समर्थकों ने उसे फूल मालाओं से लाद दिया। जिलाधिकारी राजीव रौतेला व एसपी राजीव मल्होत्रा ने मतगणना स्थलों पर पहुंचकर मतगणना कार्यों की समीक्षा की।