माध्यमिक शिक्षा विभाग ने गुरुवार को राजकीय इंटर कालेज में इंसपायर्ड अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी में 421 बच्चों ने माडल लगाए। इनमें 42 बच्चों का चयन लखनऊ में 26 से होने वाली तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन डीआईओएस नंदलाल यादव ने किया।
प्रदर्शनी में विभिन्न माध्यमिक स्कूलों के 421 बच्चों ने माडल प्रस्तुत किए। निर्णायक अतर्रा डिग्री कालेज के प्राचार्य डॉ एसी निगम, सुरेंद्र सिंह सेवा निवृत्त शिक्षक राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर, तेलियानी खंड शिक्षा अधिकारी पवनेश गुप्ता ने बच्चों द्वारा पेश किए गए जैवविविधता, एटीएम, सोलर लाइट, पवन चक्की, भौतिक एवं रसायन विज्ञान के सिद्धांत, स्वच्छता, ग्लोबल वर्मिंग आदि के माडलों का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी। राजकीय इंटर कालेज के प्रिंसिपल उदय प्रभात ने बताया कि 26, 27, 28 अगस्त को लखनऊ में होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी के लिए 42 बच्चों का चयन किया गया है। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में चयनित होने वाले बच्चे 27 व 28 अक्तूबर को दिल्ली के प्रगति मैदान में होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल होंगे।