तांबेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना करती महिलाएं
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। सावन के चौथे सोमवार पर जिले के बड़े शिव मंदिर बंद रहे लेकिन श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर ही भगवान की पूजा अर्चना कर जयकारे लगाए। हलांकि गली, कूचे में स्थित मंदिरों में लोगों की भीड़ उमड़ी। वहीं गंगाघाटों में भी भीड़ रही और गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्घालु गंगाजल लेकर शिवालय पहुंचे।
शहर के सिद्घपीठ तांबेश्वर मंदिर में सुबह से जलाभिषेक करने वाले श्रद्घालुओं की भीड़ रही। कपाट बंद होने के बावजूद भी मंदिर के गेट पर भीड़ लगी रही। बेलपत्र, दूध, फल, फूल, नारियल चढ़ा कर विधि विधान से पूजा अर्चना की। परिवार की सुख शांति का भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।
शिवालय में जलाभिषेक करने के बाद महिलाओं ने मेले में खरीदारी की। इसी प्रकार जागेश्वर धाम, थवईश्वरधाम, गूढ़ेश्वरधारम, कुंडेश्वरधाम में शिवभक्तों ने मंदिर के गेट पर पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। कोरोना संक्रमण में बहुत से शिवभक्तों ने सावन के अंतिम सोमवार को घर में स्नान कर अपने मोहल्ले के मंदिरों में जलाभिषेक कर प्रसाद बांटा।
हुसैनगंज। सावन के सोमवार को भिटौरा ओमघाट में भक्तों की अच्छी खासी भीड़ रही। सुबह चार बजे से ही श्रद्घालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया। दोपहर के बाद तक गंगा में डुबकी लगाने का सिलसिला चलता रहा। गंगास्नान के बाद गरीबों को आटा, चावल, दाल और मुद्राएं दान की। गंगा किनारे स्थापित शिवलिंग में भक्तों में गंगाजल से जलाभिषेक किया। शिवालय की परिक्रमा लगाई और ऊं नम: शिवाय का जाप किया।
सावन के सोमवार को ओमघाट में गंगा स्नान करते श्रद्घालु- फोटो : FATEHPUR