खागा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरदो का शुक्रवार को सीएमओ डॉ. उदयभान सिंह ने निरीक्षण किया। एफआरयू सेंटर में अव्यवस्थाएं, अनुपस्थित स्टाफ और रिकॉर्ड में खामियां मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों से जवाब तलब किया। साथ ही अधीक्षक समेत पांच कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. उदयभान सिंह सुबह करीब 11 बजे सीएचसी हरदो पहुंचे। यहां लगभग दो घंटे तक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। इसमें अधीक्षक डॉ. सरल सोनी अनुपस्थित पाए गए। आरबीएसके टीम के डॉ. जफर, डॉ. पुष्पेंद्र सहित कई कर्मचारी भी ड्यूटी से गायब मिले। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए सभी से स्पष्टीकरण मांगा है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी और अव्यवस्थित हालात भी सामने आए। महामारी नियंत्रण कक्ष, ड्रेसिंग रूम, इंजेक्शन कक्ष, ओटी और ऑक्सीजन प्लांट के आसपास साफ-सफाई न मिलने पर सीएमओ ने जिम्मेदारों को फटकार लगाई। बंद कमरों में रखे पुराने दस्तावेज और अव्यवस्थित व्यवस्था पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
सीएमओ के निरीक्षण से एक दिन पहले उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने अस्पताल की स्थिति देखी थी। यहां उन्हें कुत्ते घूमते मिले थे। सीएमओ डॉ. उदयभान सिंह ने बताया कि निरीक्षण में कई गंभीर कमियां मिली हैं। सभी संबंधितों से जवाब मांगा गया है। लापरवाही साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तीन साल के खर्च का मांगा हिसाब
सीएमओ ने अस्पताल में पिछले तीन वर्षों में हुए सभी खर्चों का विस्तृत ब्योरा तलब किया है। इसमें बजट, डेंटिंग-पेंटिंग, पानी, शौचालय समेत विभिन्न मदों में हुए व्यय की जानकारी शामिल है। एफआरयू सेंटर होने के बावजूद जच्चा-बच्चा मृत्यु दर और अन्य स्वास्थ्य आंकड़ों का डिस्प्ले बोर्ड न मिलने पर भी अधिकारियों से जवाब मांगा गया है।
वैक्सीन स्टॉक और रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर फार्मासिस्ट पर कार्रवाई
दवा भंडारण कक्ष की जांच में एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता अधिक पाई गई। रिकॉर्ड में गड़बड़ियां और पुराने फॉर्म अव्यवस्थित हालत में मिले। इस पर चीफ फार्मासिस्ट जगतपाल सिंह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
नर्स की शिकायत पर अधीक्षक से जवाब तलब
स्टाफ नर्सों ने रात की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई। एक नर्स ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उसे धमकी दी गई। मामले को गंभीर मानते हुए सीएमओ ने अधीक्षक से अलग से स्पष्टीकरण मांगा है।
फोटो-17-सीएचसी हरदों का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद