फतेहपुर। कॉलेज की वेबसाइट बनाने में लापरवाही बरतने वाले तीन प्रधानाचार्यो का जुलाई माह का वेतन रोक दिया गया है। तीनों प्रधानाचार्यो को इसके लिए नोटिस भी जारी किया गया था।
माध्यमिक शिक्षा सचिव के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। डीआईओएस देवकी सिंह ने बताया कि तीनों प्रधानाचार्यो से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
बता दें कि शासन ने सत्र की शुरुआत में ही सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यो को निर्देश दिए थे कि कॉलेज की वेबसाइड बनाई जाए। जिसमें कॉलेज के हर एक छात्र-छात्रा का संपूर्ण ब्यौरा दर्ज हो। इस काम में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज सिधांव, इंदिरा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय असनी, सुशीला देवी आदर्श बालिका इंटर कॉलेज जहानाबाद के प्रधानाचार्यो की लापरवाही सामने आई।
तीनों कॉलेजों ने अभी तक वेबसाइट ही नहीं बनाई। जबकि वेबसाइट बनाने के लिए तीन जून, 13 जून और 21 जून को नोटिस जारी किया गया था। तीनों ने नोटिसों की भी अवहेलना की है।
ऐसे में तीनों स्कूलों के प्रधानाचार्यो का जुलाई महीने का वेतन रोका गया है। डीआईओएस ने बताया कि यदि स्पष्टीकरण देने में भी हीलाहवाली की गई तो आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
............................