औंग। थाना क्षेत्र के मपुर गांव में रविवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर से करीब चार लाख रुपये के जेवर और 56 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। दूसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही। तीसरे घर में चोरों ने दंपती को पीटकर घायल कर दिया गया।
रेलवे लाइन के पास रहने वाले कल्लू सिंह परिहार के घर में चोर दीवार फांदकर घुसे और कमरे में रखे बक्सों से सोने-चांदी के जेवर, 56 हजार रुपये नकद उठा ले गए। घटना के समय कल्लू घर पर थे। बेटा बलराम सिंह और मां सुशीला कानपुर गए थे।
इसके बाद चोरों ने मोनू सिंह पुत्र उदल सिंह के घर में छत के रास्ते से घुसने की कोशिश की, लेकिन उनकी पत्नी रश्मि के जाग जाने से चोरी नाकाम हो गई।
गांव के ही राजेश निषाद उर्फ गोरे के घर में सीढ़ियों के रास्ते घुसे चोरों ने सो रहे राजेश और उनकी पत्नी सीता निषाद को पीटकर घायल कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
औंग थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि घायल दंपती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।