फतेहपुर। झारखंड में रेलवे पुलिस की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 2.64 लाख की ठगी की गई। पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी मुलाकात संतोष कुमार से हुई थी। संतोष बिहार के छपरा जिले के दरियापुर सारन का निवासी है। उसने नार्थ ईस्टर्न रेलवे और झारखंड पुलिस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। विश्वास दिलाने के लिए उसने कई लोगों की नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए।
आरोप है कि इसी दौरान उसने मुकेश को उसकी नौकरी से संबंधित जाली दस्तावेज दिखाकर विभिन्न तिथियों में अपने बैंक खातों में 2.64 लाख रुपये जमा करा लिए। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।