अमौली। तिरहार क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधे कानपुर और लखनऊ पहुंचाने वाली रोडवेज बस सेवा पिछले दो माह से बंद है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बस सेवा बहाल कराने की मांग की है।
चांदपुर से सीधी बस सेवा करीब 40 वर्षों से संचालित थी लेकिन दो महीने पहले इसका संचालन बंद कर दिया गया। इससे गौरी, आवाजीपुर, बड़ीगवा, सठिगवा, साल्हेपुर, मकंदीपुर, रामपुर, गांगपुर, बिजौली और अमौली के ग्रामीणों को कानपुर व लखनऊ जाने के लिए वैन, ऑटो या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे अधिक किराया खर्च हो रहा है और समय भी बर्बाद होता है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
गांव के धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। यदि जल्द बस सेवा शुरू नहीं हुई तो ग्रामीण डीएम को ज्ञापन देकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मामला किदवई नगर डिपो की बस का है जो उनके कार्य क्षेत्र में नहीं आती। क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि परमिट नहीं होने के कारण बस सेवा बंद है। विभाग की ओर से परमिट के लिए आवेदन किया गया है। परमिट मिलते ही बस का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।