फोटो-01-हाइवे पर क्षतिग्रस्त खड़ी रोडवेज बस। संवाद
चौडगरा। हाईवे पर खड़े ट्रक लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। बुधवार रात करीब दो बजे कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बडौरी टोल प्लाजा के पास झांसी डिपो की रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। बस की रफ्तार कम होने से बड़ा हादसा होने से बच गया। चालक समेत तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। बस में सवार सभी 16 यात्री सुरक्षित हैं।
झांसी डिपो की रोडवेज बस बनारस जा रही थी। बडौरी टोल प्लाजा पार करने के करीब 100 मीटर बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक ट्रक खड़ा था। उरई निवासी बस चालक राजेंद्र शुक्ला ट्रक को देख नहीं सके और बस पीछे से उसमें घुस गई।
दूसरे चालक प्रेम पुत्र अंतर सिंह ने बताया कि बस ने टोल प्लाजा पार किया था इसलिए उसकी रफ्तार धीमी थी। तेज गति होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक राजेंद्र शुक्ला को अंदरूनी चोटें आईं। अमित कुमार पुत्र गया प्रसाद और छाया अहरवार पत्नी अमित कुमार को मामूली चोट लगी। परिचालक वैभव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया।
डिपो को सूचना देने के बाद यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया। थाना प्रभारी सुमित देव पांडे ने बताया कि चालक समेत दो यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं। उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
फोटो-01-हाइवे पर क्षतिग्रस्त खड़ी रोडवेज बस। संवाद