बहुआ। बांदा-कानपुर स्टेट हाईवे पर बंधवा से चिल्ला पुल तक बना मार्ग निर्माण के दो माह बाद ही उखड़ने लगा है। सड़क की खराब होती हालत से निर्माण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप भी सामने आने लगे हैं। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी अनजान बने हुए हैं।
बंधवा से ललौली चिल्ला पुल तक सात किमी जर्जर मार्ग के निर्माण के लिए शासन ने 31 दिसंबर 2024 को छह करोड़ 49 लाख 26 हजार रुपये मंजूर किए थे। ललौली कस्बे की 25 हजार आबादी और प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहनों की सुविधा के लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर वर्ष 2025 में सड़क निर्माण शुरू कराया था। धीमी गति से काम होने के कारण निर्माण फरवरी तक चलता रहा। नाले के निर्माण के लिए विभाग ने अलग से टेंडर जारी किया था जिसका काम अभी जारी है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की निगरानी में हुए निर्माण के बावजूद सड़क बनाने वाली फर्म एसएस एसोसिएट कंपनी पर लापरवाही और अनियमितता के आरोप लग रहे हैं। हालत यह है कि निर्माण के महज दो माह बाद ही सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी। ललौली कस्बे से मिलकिन डेरा और बंधवा तक कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
ग्रामीण प्रकाश सिंह, शैलेंद्र सिंह, फुरकान अहमद, मुबारक खान, रवेंद्र निषाद, अफजल, एहसान खान, राजू, कल्लू और नीरज समेत अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।
अभी सड़क निर्माण का कार्य कई स्थानों पर शेष है। सड़क पर अधिक लोड वाले वाहन चल रहे हैं। ऊपरी लेयर उखड़ने की जानकारी मिली है। कंपनी को पत्र लिखकर सड़क सही कराई जाएगी।
- अरुण कुमार कुशवाहा, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी।
फोटो-05-बांदा कानपुर हाइवे में मालकिन डेरा के पास सड़क की उखड़ी परत के पास निकलता डंपर। संवाद