फतेहपुर। मानसून की बरसात होते ही शहर के कई मोहल्लों में जलभराव का खतरा पैदा हो गया है। तालाब पहली बरसात में लबालब होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। यह स्थिति शहर के कई मोहल्लों में उत्पन्न हो गई है।
शहर के दक्षिणी गौतमनगर स्थित स्टेशन रोड के पूरब स्थित तालाब में नाथपुरी कालोनी, दक्षिणी गौतमनगर मिशन अस्पताल के आबादी के पानी की निकासी होती है। खलील नगर स्थित तालाब में मोहल्ले का पानी जाता है। गंगानगर के तालाब में अंबेडकर नगर, गंगानगर कालोनी का पानी निकलता है। इन तालाबों के लिए बने नाले पूरी तरह से बंद हो चुके हैं। ऐसी हालत में तालाब लबालब होने के बाद पानी वापस मोहल्ले की गलियों में लौटता है। यह सभी तालाब पहली बरसात में लबालब गए हैं। तालाब लबालब होने मोहल्लावासियों को जलभराव की चिंता सताने लगी है। क्योंकि अच्छी बरसात होती है तो तालाब का पानी लौटकर घरों में भरेगा। हालांकि यह समस्या कोई नई नहीं है। हर साल बरसात के मौसम में घरों के अंदर पानी भरता है। यह स्थित महीनों चलती है। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद समस्या के स्थाई निदान के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है। ईओ नगर पालिका परिषद रश्मि भारती का कहना है कि शहर के कुछ मोहल्लों में जलनिकासी गंभीर समस्या है। इन मोहल्लों में हर साल जलनिकासी के लिए पंपिंग सेट लगाना मजबूरी है। जलभराव होने पर इस बार भी पंपिंग सेट लगाए जा सकते हैं।