फतेहपुर। बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है। इसके साथ मलेरिया का खतरा भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। अस्पतालों और मलेरिया विभाग को बीमारी से बचाव व इलाज की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के बाद खाली प्लॉट, गड्ढों, नालियों, टूटे बर्तनों और घरों के आसपास पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को पानी जमा न होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक करेगा।
अस्पतालों में संभावित मलेरिया मरीजों की जांच और इलाज की व्यवस्था रखने को कहा गया है। मलेरिया विभाग की टीमों को क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लार्वा मिलने वाले स्थानों पर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि लोगों को मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, घर के आसपास पानी जमा न होने देने और पूरी बांह के कपड़े पहनने के लिए जागरूक किया जाएगा। बुखार आने पर खुद से दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी जाएगी।