किशनपुर। विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र के किशनपुर-गुरवल मार्ग के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाकर मंगलवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया। कस्बे को जोड़ने वाला गुरवल मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त है। सड़क का अब नया निर्माण हो रहा है। निर्माण गुरवल से रेवाड़ी मोड़ तक होना है। इसमें गांवों के मध्य आरसीसी व गांव के बाहर डामरीकरण होना है। गुरुवल से पहाड़पुर तक आरसीसी का निर्माण हो चुका है। बीच में डामरीकरण शुरू है। निर्माण में मानकों को दरकिनार कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल का आरोप है। मंगलवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया। गांव के रहने वाले रमेश निषाद, विक्रम निषाद, दयाशंकर निषाद, सज्जन निषाद, नन्हा निषाद आदि ने बताया कि डामरीकरण में मानक दरकिनार किया जा रहा है। दो दिन पूर्व बनाई गई सड़क हाथ से उखड़ जा रही है। जेई गोविंद प्रसाद ने बताया कि सड़क मानक के तहत बनाई जा रही है, फिर भी मौके पर पहुंच कर जांच की जाएगी।