फतेहपुर। राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास कृष्णा पासवान ने रविवार को पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी लाभार्थीपरक योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने के निर्देश दिए। पासवान ने नंद बाबा दुग्ध मिशन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्वदेशी गोवंशों का संवर्द्धन होगा और लाभार्थियों के जीवन में सुधार आएगा। बकरी, भेड़ और मुर्गी पालन की योजनाओं में लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों का चयन कर गरीब पशुपालकों के जीवन में समृद्धि लाना है। कृष्णा पासवान ने गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों को समय पर भूसा, हरा चारा और दाना उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।