हथगाम। सड़क पार करते वक्त सेवानिवृत्त फौजी की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गोदामपुर निवासी इंद्रपाल (60) करीब 15 साल पहले फौज से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद कस्बा स्थित एफसीआई गोदाम में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। वह मंगलवार दोपहर सड़क पार कर चाय पीने जा रहे थे। तभी थाने की ओर जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। जहां डाक्टर ने हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर किया। कानपुर लेकर जाते समय रास्ते में ही इंद्रपाल की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आ गए। परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास गांव के लोगों में घर में भीड़ लग गई। उनके बड़े भाई जेपी यादव सेना में कैप्टन थे।दूसरे नंबर के भाई रामपाल यादव भी सेना में कई पदों पर थे। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।