फतेहपुर। खजुहा ब्लॉक के जोनिहा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 45 गांवों में एक सप्ताह से रात में करीब चार घंटे बिजली कट रही है। शाम ढलते ही आपूर्ति बंद होने से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। आपूर्ति बहाल होने के बाद भी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है।
जोनिहा, शाहबाजपुर, टिकरी, मनौटी, दिलावलपुर, बिलौना, केवाई, समसपुर, फरीदपुर, खुरमाबाद और बेहटा जैसे प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने रोस्टिंग का समय रात के बजाय दिन में करने की मांग की। संतोष सोनकर, रामबाबू सोनी और अन्य ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान की अपील की।
अवर अभियंता विनोद कुमार तोमर ने बताया कि यह बिजली कटौती उपकेंद्र स्तर से नहीं हो रही है। ऊपर से हो रही रोस्टिंग के कारण आपूर्ति प्रभावित है। व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।