फतेहपुर। जिले में खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने सोमवार को बहुआ, खंभापुर और अंदौली समितियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई समितियों में अनियमितताएं सामने आईं। इस पर संबंधित सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराई गई।
सामियाना समिति में सचिव कमल सिंह की ओर से बिना खतौनी देखे ही उर्वरकों का वितरण किया जा रहा था। यह विभागीय नियमों के विपरीत है। इस पर उनके खिलाफ अनुदानित उर्वरकों के मनमाने वितरण के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खंभापुर समिति में पर्याप्त डीएपी स्टॉक मौजूद होने के बावजूद समिति बंद मिली। इस पर सचिव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई। बहुआ समिति में सचिव की उपस्थिति का रोस्टर नहीं मिला। पोर्टल पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध था। इस पर भी सचिव के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अंदौली समिति के निरीक्षण के दौरान सचिव की ओर से जिंक और सल्फर की टैगिंग की जा रही थी। इस पर समिति का उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया। सचिव के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपनी समितियों पर रोस्टर प्रदर्शित करें। निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। किसानों को जोत के अनुरूप और निर्धारित मूल्य पर ही खाद का वितरण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।