फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र की लालाबाजार निवासी शियन फातमा के खाते से साइबर अपराधियों ने 4.25 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शियन फातमा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मुंबई में हुई थी। 15 अगस्त को वह महाराष्ट्र से मायके आईं थीं। उसका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल में नवी नाम से एक एप डाउनलोड हो गया था। 27 अगस्त को जब वह किराने का सामान लेने बाजार गईं और दुकानदार को ऑनलाइन पैसे भेजे तो पता चला कि खाते में पैसे नहीं हैं।
बैंक से जानकारी करने पर पता चला कि एप के जरिये साइबर अपराधियों ने 4.25 लाख रुपये पार कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि एप मोबाइल में कैसे डाउनलोड हुआ। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।