फतेहपुर। आगामी त्योहारों पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भगतपुर कोठी-दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 04813 का संचालन सात अक्तूबर से किया जाएगा। इससे पर्व के दौरान यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
स्पेशल ट्रेन चलने से नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ का दबाव भी कम होगा। फतेहपुर और आसपास के यात्रियों को दानापुर व आसपास के क्षेत्रों की ओर आने-जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे सीट और बर्थ के लिए होने वाली मारामारी कम होने के साथ यात्रा की योजना बनाने में भी सुविधा होगी।
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। भगतपुर कोठी-दानापुर स्पेशल के चलने से जिले समेत आसपास के यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी।