देवीगंज इलाके में पुल के नीचे सोमवार रात करीब दो बजे मौरंग लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गया। इसके बाद केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता के मेडिकल स्टोर पर जाकर पलट गया। जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर चौकी इंचार्ज कमलेश पाल ने जेसीबी लगाकर मौरंग हटवाई और यातायात बहाल कराया।
देवीगंज निवासी वीरेंद्र गुप्ता का दवाओं का थोक व फुटकर कारोबार है। दुकान की दूसरी मंजिल पर बने मकान में परिवार के साथ रहते हैं। वह दूसरी मंजिल पर आगे के कमरे में सो रहे थे और परिवार के लोग पीछे कमरों में सोये थे। उन्होंने बताया कि रात करीब दो बजे धमाके की आवाज हुई।
यह देखकर खिड़की खोलकर बाहर आए तो बिजली पोल के तार आपस में टकराकर स्पार्किंग कर रहे थे और उनके मेडिकल स्टोर में मौरंग लदा ट्रक पलटा पड़ा था। दहशत में आकर वह और मौरंग में कूद गए। उनकी दुकान में ट्रक घुसा हुआ था लेकिन बिजली खंभे की वजह बड़ा हादसा टल गया।
बताया कि ट्रक की टक्कर से बिल्डिंग क्षतिग्रस्त हो गई है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि ट्रक सामने से आ रही इनोवा को बचाने में पलटा है। ट्रक मौरंग उतारने शहर में जा रहा था।