खागा (फतेहपुर)। कोर्ट मैरिज की अफवाह फैलाकर छात्रा को बदनाम करने वाले युवकों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी है। आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने दबाव बनाने के लिए आरोपियों के कुछ करीबियों को पकड़ा है। उनकी निशानदेही पर दबिश दी जा रही है।
खागा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा को उसके गांव का अंकित काफी समय से परेशान कर रहा था। तंग छात्रा अपने रिश्तेदार के घर में रहने लगी। पिता का आरोप है कि अंकित तिवारी और अनुज रिश्तेदार के घर तक जाने लगे। जहां अंकित ने पुत्री के साथ कोर्ट मैरिज की अफवाह उड़ाई थी। क्षुब्ध होकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद से अनुज तिवारी, अंकित तिवारी फरार हैं। आरोपियों की तलाश में एक टीम भी बनाई गई है। टीम सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि जांच में अंकित और छात्रा के बीच बातचीत पूर्व में होने का पता लगा है। टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएगे।